लखीसराय पहुंचे डिप्टी सीएम विजय सिन्हा, समीक्षा बैठक के बाद विपक्ष पर साधा निशाना

Update: 2026-03-10 04:22 GMT




बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा एक दिवसीय दौरे पर लखीसराय पहुंचे। जिला मुख्यालय पहुंचने पर जिलाधिकारी मिथलेश मिश्र ने उन्हें बुके देकर स्वागत किया। इसके बाद डिप्टी सीएम ने जिला अतिथि गृह में नगर विकास एवं आवास विभाग, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग तथा खनन विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

बैठक में जिले में चल रही विभिन्न योजनाओं की प्रगति, भूमि संबंधी मामलों और विकास कार्यों की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान अधिकारियों को लंबित मामलों के जल्द निपटारे और विकास योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। मौके पर पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए विजय कुमार सिन्हा ने बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर एनडीए की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि सभी सीटों पर एनडीए की जीत सुनिश्चित है।

वहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता इस बार बांग्लादेशी घुसपैठियों से मुक्ति का मन बना चुकी है।

इसके अलावा नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के हालिया राजनीतिक बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि उनकी भविष्यवाणी ही उनकी हार का कारण बनती है। विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बिहार में पहले भी एनडीए की सरकार थी, आज भी है और आगे भी बनी रहेगी।


Similar News