उज्जैन- किशोरी बालिकाओं में सर्वाईकल कैंसर की रोकथाम के लिए निशुल्क एच.पी.वी. टीकाकरण अभियान
किशोरी बालिकाओं में सर्वाईकल कैंसर की रोकथाम के लिए निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण किया जा रहा है। एचपीवी निःशुल्क टीकाकरण आगामी 03 माह तक चलेगा। अभियान अंतर्गत 14 वर्ष से 15 वर्ष तक की बालिकाओं को एचपीवी का नि: शुल्क टीका लगाया जाएगा। शासन के निर्देशानुसार इस अभियान में 15 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी बालिकाओं को 90 दिन की विशेष छूट दी गई है। जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा बताया गया कि जिले में 13 स्थानों पर टीके निःशुल्क लगाए जा रहे है।
आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज उज्जैन, जिला चिकित्सालय चरक भवन उज्जैन, सिविल अस्पताल माधवनगर, सिविल अस्पताल जीवाजीगंज, सिविल अस्पताल महिदपुर, सिविल अस्पताल नागदा, सिविल अस्पताल खाचरौद, सिविल अस्पताल बडनगर के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घट्टिया, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरवर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झारडा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तराना, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इंगोरिया में टीके निःशुल्क लगाए जा रहे है।
एचपीवी निःशुल्क टीकाकरण अभियान अंतर्गत यूवीन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन के लिए आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, अपार आईडी, स्टूडेंट फोटो आईडी, पासपोर्ट, मदर एंड चाईंल्ड प्रोटेक्शन कार्ड, स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट, प्री मेट्रिकुलेशन सर्टिफिकेट, परमानेंट ऐजुकेशन नंबर (पेन आईडी), राशन कार्ड, बैंक पास बुक, अनाथ आश्रय का जन्म डिक्लेरेशन प्रमाण पत्र और एज डिक्लेरेशन फार्म (माता-पिता से अंडर टेकिंग लेकर) में से कोई भी एक दस्तावेज मान्य होगा। एचपीवी टीका पूर्णतः सुरक्षित है व किशोरी बालिकाओं में सर्वाईकल कैंसर की रोकथाम के लिए प्रभावी है।
समस्त पात्र उम्र वर्ग की बालिकाएं अपनी नजदीकी टीकाकरण केन्द्र पर जाकर टीका अवश्य लगवाएं। अभियान अंतर्गत 14 से 15 वर्ष आयु की वह बालिकाएं जिनका टीकाकरण पहले हो चुका है उनका पुनः टीकाकरण नहीं किया जाएगा।