सिवनी- महिलाएं निडर बनें और लीडर बनें : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

Update: 2025-11-13 05:00 GMT

 

 मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लाड़ली बहनों को अब तक 45 हजार करोड़ से अधिक राशि मिल चुकी है। राज्य सरकार के 2 साल पूर्ण होने पर बहनों को रोजगार आधारित उद्योगों में क्रमश: 5000 रुपए महीना देना चाहते हैं। बहनें लाड़ली योजना की राशि से अपने रोजगार स्थापित कर रही हैं। घर की जरूरत पूरी कर रही हैं। महिलाएं निडर बनें और लीडर बनें। इसके लिए वर्ष-2028 में राजनीतिक क्षेत्र में 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने के लिए प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाएं पशुपालन व्यवसाय से जुड़ें, जिस घर में दूध-दही-मही और मक्खन होता है, वहां कुपोषण अपने आप दूर हो जाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दूध उत्पादन को बढ़ाकर 20 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश को औद्योगिक विकास के लिए केंद्र सरकार की ओर से विभिन्न कैटेगरी में 4 पुरस्कार मिले हैं। प्रदेश में 6 लाख से अधिक लोगों को रोजगार से जोड़ा गया है।

महिलाओं के कामकाजी जीवन को आसान बनाने के लिए प्रदेश में कुल 8 वर्किंग वूमन हॉस्टल्स बनाए जा रहे हैं। आज प्रदेश में 5 लाख से अधिक स्व-सहायता समूहों से 53 लाख से अधिक बहनें जुड़ी हैं और विभिन्न योजनाओं का लाभ ले रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 30 दिसंबर 2025 से तीन महीने से पुराने बिजली बिलों में सरचार्ज की राशि माफ करने के लिए एक बड़ी योजना की शुरुआत की जा रही है। उन्होंने कहा कि भावांतर योजना में सोयाबीन किसानों को 13 नवंबर को राशि ट्रांसफर की जाएगी। किसानों को धान पर भी बोनस दिया है। राज्य सरकार गेहूं भी खरीद रही है। मक्का का उचित मूल्य दिलाने के लिए भी कार्य करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नक्सलवादी गतिविधियों से जुड़े लोग सरकार की आत्मसमर्पण नीति को अपना लें और जल्द से जल्द समाज की मुख्यधारा से जुड़ें। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में मार्च 2026 तक देश में नक्सली गतिविधियों का पूरी तरह सफाया कर दिया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदर्शनियों में विभिन्न स्टॉल्स का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नन्हीं बिटिया को जन्म दिवस की शुभकामनाएं दीं एवं उसका अन्न-प्राशन भी कराया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् का समवेत् स्वर में गायन भी किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लाड़ली बहनों से संवाद भी किया। हितग्राही सुषमा सनोडिया ने कहा कि लाड़ली बहना योजना से प्रदेश की बहनें आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। राज्य सरकार से मिल रही योजना की राशि हमारे ब्यूटी पार्लर के व्यवसाय में सहायक सिद्ध हुई है। बहन माधुरी डहेरिया ने बताया कि उनके पति को भी किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है।

लाड़ली बहना योजना में मिली राशि से बच्चों के लिए किताब, कॉपी और घर की जरूरत का सामान खरीद लेते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बहनों को प्रधानमंत्री आवास का लाभ देने और रोजगार के लिए सहायता प्रदान करने की बात कही। बहनें स्व-सहायता राशि की किश्त भी समय पर जमा कर रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के सचिव, रोजगार सहायक और पटवारी अच्छा काम करते हैं, लेकिन जो लापरवाही और अपने काम के प्रति उदासीनता दिखाएंगे, तो उन्हें रोकना ही पड़ेगा।



Similar News