मोतिहारी : भारत-नेपाल सीमा पर जाली करेंसी फैक्ट्री का भंडाफोड़, 10 गिरफ्तार
पूर्वी चंपारण जिले के भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र में पुलिस ने जाली करेंसी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। रक्सौल के हरैया थाना पुलिस एवं एसडीएम की संयुक्त कार्रवाई में भारतीय और नेपाली जाली नोटों के साथ 10 कारोबारियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई में 25 लाख 18 हजार रुपये की नेपाली जाली (फेंक) करेंसी तथा 18 हजार रुपये की भारतीय जाली करेंसी बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन नेपाली नागरिक भी शामिल हैं। इसके साथ ही जाली नोटों की सप्लाई में इस्तेमाल किए जा रहे तीन मोटरसाइकिल और एक कार (BR01PN/2496) को भी जब्त किया गया है।
इस संबंध में रक्सौल के डीएसपी मनीष आनंद ने बताया कि हरैया थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो बाइक सवार जाली नोट लेकर रक्सौल की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर तलाशी ली, जहां से उनके पास से 18 हजार 500 रुपये की भारतीय जाली करेंसी बरामद की गई।
पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने सीतामढ़ी जिले के मेजरगंज में छापेमारी की, जहां से सात अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मौके से 25 लाख रुपये की नेपाली जाली करेंसी, एक दर्जन मोबाइल फोन, केमिकल्स तथा जाली नोट छापने में उपयोग होने वाला सादा कागज बरामद किया गया है। पुलिस ने यहां से जाली नोट छापने वाली फैक्ट्री का भी उद्भेदन किया है।
फिलहाल सीमावर्ती क्षेत्र में तैनात सभी सुरक्षा एजेंसियां गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ में जुटी हैं। आशंका जताई जा रही है कि आगामी महीनों में नेपाल में होने वाले चुनाव के दौरान इन जाली नोटों को खपाने की योजना थी। पुलिस एवं अन्य सुरक्षा एजेंसियां मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही हैं।