महाराष्ट्र एंटी-टेररिज्म स्क्वॉड यानि की एटीएस ने राज्य में आतंकी गतिविधियों से जुड़ी खुफिया जानकारी के आधार पर यवतमाल और अहिल्यानगर जिलों में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। अधिकारियों के मुताबिक, इस कार्रवाई के दौरान कई संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। एटीएस ने शनिवार रात आधी रात के बाद दोनों जिलों में एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान कुछ संदिग्धों को राउंडअप किया गया और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।
विशेष रूप से युवाओं के कट्टरपंथीकरण (रेडिकलाइजेशन) के संबंध में मिली खुफिया जानकारी के आधार पर एटीएस ने जिला पुलिस टीमों के साथ मिलकर यवतमाल जिले के पुसद और उमरखेड़ शहरों में यह अभियान चलाया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई है। इस अभियान में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी तैनात किए गए हैं।