औरंगाबाद: अवैध गैस सिलेंडर कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 105 सिलेंडर जब्त
21 मई , औरंगाबाद (औरंगाबाद, बिहार) :जिले में रसोई गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण एवं अवैध रिफिलिंग पर रोक लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 105 गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। यह कार्रवाई बुधवार देर शाम रिसियप थाना क्षेत्र के पहरा गांव में की गई।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पहरा गांव में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान अवैध रूप से संग्रहित विभिन्न कंपनियों के घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, मौके से इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के इंडेन, भारत गैस तथा एचपी गैस के कुल 105 सिलेंडर जब्त किए गए। इसके अतिरिक्त 90 गैस पासबुक, छह उज्ज्वला गैस चूल्हा तथा गैस रिफिलिंग में प्रयुक्त अन्य उपकरण भी बरामद किए गए हैं।
एसडीपीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में गैस सिलेंडरों की अवैध कालाबाजारी, भंडारण और रिफिलिंग का मामला सामने आया है। इस संबंध में रिसियप थाना क्षेत्र के पहरा गांव निवासी विकास कुमार सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।