पश्चिम बंगाल कोयला घोटाला: कोर्ट ने 2 आरोपियों को 8 दिन की हिरासत में भेजा
पश्चिम बंगाल कोयला घोटाले से जुड़े मामले में गिरफ्तार चिन्मय मंडल और किरण खां को आज सिटी सेशन कोर्ट में पेश किया गया। मुख्य न्यायाधीश सुकुमार रॉय ने दोनों आरोपियों को 8 दिनों की ईडी हिरासत में भेजने का आदेश दिया। मामले की अगली सुनवाई 18 फरवरी को होगी।
कोर्ट में ईडी के वकील ने दलील दी कि दोनों आरोपियों को कोयला घोटाले से अवैध कमाई का हिस्सा मिलता था। उन पर गुंडा टैक्स वसूली के जरिए पैसे उगाही का आरोप है।
ईडी के मुताबिक, अब तक मुनाफे का हिस्सा करीब 150 करोड़ रुपये बताया गया है। जांच में सामने आया है कि आरोपियों का सिंडीकेट पश्चिम बंगाल के आसनसोल-दुर्गापुर इलाके में सक्रिय था। प्रवर्तन निदेशालय ने इस घोटाले की जांच 47 एफआईआर के आधार पर शुरू की है।