मथुरा में साइबर ठगी गिरोह पर कसा शिकंजा, 25-25 हजार के दो इनामी अपराधी गिरफ्तार

Update: 2026-04-26 05:04 GMT



 मथुरा के थाना शेरगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय साइबर ठगी गिरोह से जुड़े दो इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम विशम्भरा के गंजावास तिराहे से इरसाद (34 वर्ष) और आमिन (24 वर्ष) को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी शातिर साइबर ठग हैं, जो भोले-भाले लोगों को झांसा देकर ऑनलाइन ठगी करते थे। यह गिरोह अलग-अलग राज्यों में सक्रिय था और लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचाता था।

मथुरा एक प्रमुख धार्मिक स्थल होने के कारण यहां देशभर से श्रद्धालु आते हैं, जिन्हें ये ठग अपना शिकार बनाते थे। जिले के गोवर्धन, बरसाना, छाता और शेरगढ़ क्षेत्रों के कुछ गांव लंबे समय से साइबर ठगी के लिए बदनाम रहे हैं, जहां ऐसे अपराधों में युवाओं की संलिप्तता सामने आती रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है और आगे की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों और पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

Similar News