रक्सौल बॉर्डर पर बड़ी कार्रवाई, 2.92 क्विंटल गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार
पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल बॉर्डर पर पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नेपाल से भारत में प्रवेश कर रही एक बोलेरो वाहन से 2 क्विंटल 92 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त किए गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
रक्सौल पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक बोलेरो वाहन नेपाल से गांजा लोड कर भारत की सीमा में प्रवेश करने वाला है। सूचना मिलते ही हरपुर थाना की पुलिस ने नहर सड़क पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया।
जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध बोलेरो वाहन को आते हुए देखा। जब पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने पुलिस को देखकर गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और भागने लगा। इसके बाद पुलिस ने वाहन का पीछा किया।
भागने के क्रम में कुछ दूरी पर बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका अगला चक्का भी फट गया। घटना के तुरंत बाद पीछा कर रही पुलिस टीम ने मौके पर ही वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया।
जब क्षतिग्रस्त बोलेरो की तलाशी ली गई तो उसमें से 292 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। गिरफ्तार तस्कर पश्चिम चंपारण जिले का निवासी बताया जा रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए रक्सौल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) मनीष आनंद ने बताया कि नेपाल से गांजा की एक बड़ी खेप भारत लाई जा रही थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। पुलिस अब सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय नार्कोटिक्स तस्करों के सिंडिकेट तक पहुंचने का प्रयास कर रही है, जिसमें नेपाल पुलिस का भी सहयोग लिया जा रहा है।