सिवान जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मलमलिया-कौड़िया मुख्य मार्ग पर गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना घटी, जिसमें धारदार हथियार से हमला कर तीन लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। गुस्साए ग्रामीणों ने घटनास्थल के पास सड़क को जाम कर दिया और विरोध में आगजनी शुरू कर दी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल को मौके पर कैंप करना पड़ा।
सूत्रों के मुताबिक, यह पूरा मामला स्थानीय चिमनी संचालक, जिन्हें 'बाबा चिमनी वाले' के नाम से जाना जाता है, के पारिवारिक विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। हमलावरों की पहचान कौड़िया गांव के कुछ लोगों के रूप में की गई है, हालांकि इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना के बाद पुलिस प्रशासन की लापरवाही भी उजागर हुई है। भगवानपुर थाना अध्यक्ष की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर डीआईजी ने उन्हें तत्काल निलंबित कर दिया है। डीआईजी ने प्रेस को बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी और पूरे मामले पर प्रशासन कड़ी नजर बनाए हुए है।