कुरसेला में मवेशी तस्करी का भंडाफोड़, 3 ओवरलोड वाहन जब्त, 5 गिरफ्तार

Update: 2026-02-02 04:29 GMT




कटिहार जिले के कुरसेला थाना क्षेत्र में मवेशी तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कटिहार डीआईओ की टीम और कुरसेला थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मवेशी तस्करी के एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है।

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एनएच-31 स्थित कबीर मठ के पास से तीन ओवरलोड मवेशी वाहनों का पीछा किया और पीडब्ल्यूडी मैदान के समीप स्टेट हाईवे पर उन्हें पकड़ लिया। इस कार्रवाई में दो डीसीएम और एक पिकअप वाहन को जब्त किया गया।

पुलिस ने वाहन चालकों सहित कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो चालक और तीन मवेशी तस्कर शामिल हैं। जब्त वाहनों से गाय, बैल और भैंस समेत लगभग 50 मवेशियों को बरामद कर कुरसेला थाना लाया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चालक श्रवण कुमार ठाकुर (निवासी झंडापुर, थाना बिहपुर, जिला नवगछिया-भागलपुर), चालक शोहेल आलम (निवासी शेख टोला विनोदपुर, थाना रौतारा, जिला कटिहार), तस्कर मो. अफ़ताब और मो. मिनाज (थाना मोहनपुर, जिला देवघर, झारखंड) तथा झक्सा मंसूरी (निवासी सेमापुर, थाना बरारी, जिला कटिहार) के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि सभी मवेशियों को भागलपुर जिले से पश्चिम बंगाल तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मवेशी तस्करी से संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि कुरसेला थाना क्षेत्र के एनएच-31 एवं एनएच-77 पर लंबे समय से मवेशी तस्करी की गतिविधियां चल रही थीं, जहां अवैध रूप से वाहनों की पासिंग कराई जाती थी। इस कार्रवाई को पुलिस ने इस अवैध धंधे पर बड़ा प्रहार बताया है।

Similar News