पश्चिम चंपारण के बगहा पुलिस जिला अंतर्गत नदी थाना क्षेत्र में पुलिस को शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। रेहुवा चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान 302.4 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
इस संबंध में बगहा पुलिस अधीक्षक निर्मला कुमारी ने बताया कि वाहन जांच के दौरान एक नीले रंग के पियाजियो तीन-चक्का मालवाहक वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें से कुल 35 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद की गई। बरामद शराब की कुल मात्रा 302.4 लीटर है।
कार्रवाई के दौरान मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान सिवान निवासी विकास कुमार और उत्तर प्रदेश के हमीरपुर निवासी अमर सिंह के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश से शराब लाकर बगहा क्षेत्र में आपूर्ति करने की योजना बना रहे थे।
पुलिस ने जब्त शराब एवं वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है तथा दोनों आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है।