हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में रविवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर मंडी शहर के समीप सुबह करीब 4 बजे एक पर्यटक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 31 यात्री घायल हो गए, जिनमें दो की हालत नाजुक बताई जा रही है।
बस कसोल (कुल्लू-मनाली) की ओर जा रही थी और अधिकतर यात्री पर्यटक थे। घायलों को तुरंत मंडी के ज़ोनल अस्पताल ले जाया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल दो लोगों को नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। छह अन्य यात्रियों को भी गंभीर चोटें आई हैं। बाकी को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
मंडी के सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सागर चंद्र के अनुसार, प्रारंभिक जांच में बस चालक की तेज रफ्तार हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। उन्होंने बताया कि चालक से पूछताछ जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है। दुर्घटना के कारणों की पुष्टि के लिए फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है।
बस की तकनीकी स्थिति और रखरखाव को लेकर बस मालिक और ऑपरेटर से भी पूछताछ की जा रही है। यह देखा जा रहा है कि कहीं वाहन में कोई यांत्रिक खामी तो नहीं थी।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को तत्काल बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लिया। कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने नियंत्रित कर लिया।