ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात 12 बजे एक दर्दनाक हादसे में स्लीपर बस आग की चपेट में आ गई। हादसे में बस में सवार नौ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई यात्रियों ने खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। पुलिस के मुताबिक, हादसा जेवर कोतवाली क्षेत्र में दयानतपुर गांव के पास बुधवार रात हुआ। बिहार नंबर की स्लीपर बस नोएडा से आगरा की ओर जा रही थी। बस में करीब 35 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। दयानतपुर गांव के पास अचानक बस में आग लग गई।
चालक ने किसी तरह बस को एक्सप्रेसवे के किनारे रोक दिया। आग तेजी से फैलने के कारण यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।बस में आग लगते ही यात्रियों ने बाहर निकलने का प्रयास किया। कई यात्री बस की खिड़कियों से कूदकर बाहर निकले और अपनी जान बचाई। हालांकि, आग की चपेट में आने से नौ यात्रियों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही जेवर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और राहत-बचाव टीम ने बस से यात्रियों को बाहर निकालने के साथ ही
आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की।पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, हादसे में मृत नौ यात्रियों की अभी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मृतकों की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर बस में आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने घटना से जुड़े तथ्यों और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।