पप्पू यादव की गिरफ्तारी के बाद IGIMS में कराया गया भर्ती, सुबह PMCH रेफर

Update: 2026-02-07 10:35 GMT




पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव को आधी रात गिरफ्तार किए जाने के बाद पहले IGIMS में भर्ती कराया गया था। इसके बाद आज सुबह उन्हें पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) रेफर कर दिया गया। फिलहाल पप्पू यादव का इलाज PMCH में चल रहा है। जानकारी के मुताबिक, पटना पुलिस ने शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे पप्पू यादव को उनके आवास से गिरफ्तार किया।

यह कार्रवाई 31 साल पुराने एक मामले में जमानत रद्द होने के बाद की गई। पटना सिटी के एसपी भानु प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ सांसद के आवास पहुंचे और उन्हें हिरासत में लिया।

एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि मामला अदालत में विचाराधीन था और निर्धारित तिथि पर पेश नहीं होने के कारण अदालत के आदेश पर गिरफ्तारी की गई। गिरफ्तारी के दौरान पप्पू यादव के समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन और हंगामा किया, हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए उन्हें सुरक्षित हिरासत में ले लिया।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, पटना की एक विशेष अदालत ने हाल ही में करीब 31 साल पुराने मामले में पप्पू यादव समेत तीन अभियुक्तों के खिलाफ कुर्की का आदेश जारी किया था। यह मामला गर्दनीबाग थाना क्षेत्र से जुड़ा है, जहां शिकायतकर्ता विनोद बिहारी लाल ने आरोप लगाया था कि उनके मकान को धोखे से किराए पर लिया गया।

शिकायत के अनुसार, मकान किराए पर लेते समय यह बात छिपाई गई थी कि उसका इस्तेमाल पप्पू यादव के कार्यालय के रूप में किया जाएगा। बाद में जब मकान मालिक को इस बात की जानकारी हुई, तो उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसी मामले में अदालत की कार्रवाई के तहत सांसद की गिरफ्तारी की गई है।

Similar News