उत्तराखंड : देहरादून में तीन विदेशी महिलाएं गिरफ्तार

Update: 2026-03-30 07:31 GMT



उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में बाहरी व संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्रैकडाउन’ के तहत रायपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन विदेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया है। ये महिलाएं फर्जी भारतीय दस्तावेजों के आधार पर अवैध रूप से भारत में रह रही थीं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे सत्यापन अभियान के दौरान रायपुर क्षेत्र में एक फ्लैट में तीन महिलाएं संदिग्ध परिस्थितियों में पाई गईं।

पूछताछ में उन्होंने अपने नाम ईरीका (किर्गिस्तान), करीना और निगोरा (दोनों उज्बेकिस्तान) बताए, लेकिन भारत में रहने के लिए वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकीं। तलाशी के दौरान उनके पास से पासपोर्ट, फर्जी आधार और पैन कार्ड, बैंक पासबुक, मोबाइल फोन और विदेशी मुद्रा बरामद हुई। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि एक महिला वीजा समाप्त होने के बाद भी भारत में रह रही थी, जबकि दो अन्य नेपाल सीमा के रास्ते अवैध रूप से भारत में दाखिल हुई थीं। पुलिस को फर्जी दस्तावेज तैयार करने में मदद करने वाले लोगों के बारे में भी जानकारी मिली है, जिनके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Similar News