मोतिहारी में जहरीली शराब से चार की मौत, सप्लायर गिरफ्तार

Update: 2026-04-04 07:57 GMT




पूर्वी चम्पारण के मोतिहारी जिले से बड़ी खबर सामने आई है। जिले में जहरीली शराब के सेवन से अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दो अन्य की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि इस घटना में प्रभावित लोग मुख्य रूप से लोकल शराब का सेवन कर रहे थे। मृतकों में चंदू, प्रमोद, हीरालाल और परिछन मांझी शामिल हैं। इस शराब से प्रभावित अन्य मरीजों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अनुप कुमार गौतम ने बताया कि रात से आज सुबह तक दस मरीज भर्ती हुए, जिनमें से एक मरीज की रात में और एक मरीज की सुबह मौत हो गई। कई मरीजों की आंखों की रोशनी प्रभावित हुई है, और दो मरीजों को गंभीर स्थिति में रेफर किया गया।

घटना मुख्य रूप से तुरकौलिया प्रखंड के रघुनाथपुर, बालगंगा और शंकर सरैया क्षेत्र के विभिन्न गांवों के रहने वाले लोगों को प्रभावित कर रही है। प्रभावित लोग बता रहे हैं कि शराब पीने के बाद धीरे-धीरे उनकी आंखों की रोशनी कम हुई और बेचैनी बढ़ने लगी।

इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शराब सप्लायर हीरालाल राय और जम्बू बैठा सहित लगभग एक दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ जारी है और इलाके के चौकीदार को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस इस कांड की पूरी चेन का पता लगा रही है और यह जांच कर रही है कि जहरीली शराब कहां से लाई गई थी।

सदर डीएसपी दिलीप कुमार ने बताया कि मृतक और अस्पताल में भर्ती सभी लोग शराब सेवन से प्रभावित हुए हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि संदिग्ध शराब का सेवन न करें और इस मामले में पुलिस और प्रशासन की मदद करें

Similar News