ई-चालान ऐप के नाम पर ठगी की कोशिश, सतर्कता से बचा बड़ा साइबर फ्रॉड

Update: 2026-04-10 04:42 GMT


ऑनलाइन ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं और साइबर ठग अब नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। नूरपुर में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां ई-चालान ऐप के बहाने एक एडवोकेट का फोन हैक करने की कोशिश की गई। हालांकि, समय रहते सतर्कता बरतने से एक बड़ा साइबर फ्रॉड टल गया। जिला कांगड़ा के नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के एडवोकेट अजितेश पठानिया ने अपनी आपबीती साझा करते हुए बताया कि उन्हें एक संदिग्ध ई-चालान एप्लीकेशन भेजी गई थी। जैसे ही उन्होंने ऐप डाउनलोड किया, उनके मोबाइल में असामान्य गतिविधियां शुरू हो गईं, जिससे उन्हें धोखाधड़ी का शक हुआ।

स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने बिना देरी किए साइबर सेल ब्रांच नूरपुर से संपर्क किया और पूरे मामले की जानकारी दी। साइबर सेल की टीम ने तुरंत उन्हें सभी बैंक खातों को बंद या सीज करवाने की सलाह दी, ताकि किसी भी संभावित आर्थिक नुकसान से बचा जा सके। एडवोकेट पठानिया ने तुरंत संबंधित बैंक शाखा में पहुंचकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की। उनकी तत्परता और सूझबूझ के चलते ठग किसी बड़े स्कैम को अंजाम नहीं दे सके।

उन्होंने बताया कि, “मुझे एक ई-चालान से संबंधित ऐप भेजा गया था, जिसे डाउनलोड करने के बाद मेरे फोन में असामान्य गतिविधियां शुरू हो गईं। मुझे तुरंत शक हुआ कि यह फ्रॉड हो सकता है। मैंने बिना समय गंवाए साइबर सेल से संपर्क किया और उनकी सलाह पर अपने सभी बैंक खातों को सुरक्षित किया। अगर थोड़ी भी देर होती, तो बड़ा नुकसान हो सकता था।” एडवोकेट अजितेश पठानिया ने आम लोगों से अपील की कि वे किसी भी अनजान लिंक, ऐप या मैसेज पर भरोसा न करें, क्योंकि आजकल साइबर ठग बेहद चालाक हो चुके हैं और छोटी सी लापरवाही भारी पड़ सकती है। उन्होंने समय पर सहायता के लिए पुलिस जिला नूरपुर के साइबर सेल ब्रांच और एसपी नूरपुर का आभार भी व्यक्त किया।

Similar News