पटना में नाबालिग हत्याकांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

Update: 2026-04-27 04:25 GMT




दिनांक 23.04.2026 को बाईपास थानांतर्गत एक नाबालिग बच्ची का शव बरामद किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी), पटना की निगरानी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पटना सिटी-02 के नेतृत्व में कांड के त्वरित उद्भेदन हेतु एक विशेष टीम का गठन किया गया।

गठित टीम द्वारा एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड के सहयोग, आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के विश्लेषण, तकनीकी साक्ष्य एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर कांड का सफल उद्भेदन करते हुए मामले में संलिप्त अभियुक्त रंजीत कुमार को छापेमारी कर गिरफ्तार किया गया है।

मीडिया को मामले की जानकारी देते हुए पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा ने कहा की पूछताछ के क्रम में अभियुक्त रणजीत कुमार ने बताया गया कि वह ठेले पर सामान बेचने का कार्य करता था तथा विगत करीब डेढ़ माह से उक्त बच्ची को सामग्री/रुपए का लालच देकर फुसलाने का प्रयास कर रहा था।

दिनांक 22.04.2026 को प्रातः बच्ची जब दूध देकर अपने घर लौट रही थी, उसी दौरान अभियुक्त उसे फुसलाकर अपने घर ले गया। बच्ची द्वारा खतरे की आशंका होने पर शोर मचाने का प्रयास किया गया जिस पर अभियुक्त द्वारा पत्थर के लोढ़ी (मसाला पीसने वाला) से उसके सिर पर प्रहार कर उसकी हत्या कर दी गई।

घटना के उपरांत अभियुक्त द्वारा शव को कम्बल में लपेटकर अपने घर में बेड के नीचे छिपा दिया गया तथा रात्रि में शव को ठिकाने लगाने का प्रयास किया गया।

पुलिस गश्ती को देखकर शव को समीप की गली में छोड़कर भाग गया। इसके पश्चात पुलिस को भ्रमित करने के उद्देश्य से उसने कुछ संदिग्ध वस्तुएं कूड़े में फेंक दीं।

गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर उसके घर एवं आसपास से खून लगा लोढ़ी, खून लगे 02 तकिए, बच्ची द्वारा प्रयुक्त स्टील का दूध का केन, कूड़े से बरामद खून लगे 03 तकिए के कवर, घटना के समय पहना हुआ खून लगा कपड़ा सहित अन्य सामग्री बरामद की गई है।

साथ ही, घटना के उपरांत कुछ व्यक्तियों द्वारा निजी स्वार्थवश रोड जाम कर पुलिस द्वारा किए जा रहे अनुसंधान कार्य में बाधा उत्पन्न की जा रही थी। इस संबंध में भी अलग से कांड दर्ज कर 05 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।

Similar News