रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र अंतर्गत गिरधरिया गांव में दो सगे भाइयों पर चाकू से हमला किए जाने की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, पप्पू सिंह (35) और उनके भाई वकील सिंह पर उस समय हमला किया गया जब वे एक तिलक समारोह से लौट रहे थे। पहले से घात लगाए हमलावरों ने दोनों पर चाकू से वार कर दिया। इस हमले में पप्पू सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वकील सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है।
बताया जाता है कि मृतक और आरोपियों के बीच नल जल योजना के पानी और बिजली के तार को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इस संबंध में पूर्व में भी मुकदमेबाजी और मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं। 18 अप्रैल को भी दोनों पक्षों के बीच तनाव और मारपीट की घटना हुई थी।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया गया है।