पुलिस मुठभेड़ में दो वांछित अपराधी घायल, एक गिरफ्तार

Update: 2026-05-13 04:57 GMT




13 मई, बिहटा (पटना , बिहार) :पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एसटीएफ और पटना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस मुठभेड़ में दो वांछित अपराधी घायल हो गए, जबकि एक अपराधी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर जानकारी मिली थी कि पूर्व से वांछित अपराधी अवधेश उर्फ विदेशिया अपने साथियों के साथ किसी बड़ी आपराधिक घटना की योजना बना रहा है। सूचना के बाद एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त छापेमारी कर अवधेश उर्फ विदेशिया सहित तीन अपराधियों को दबोच लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने एक पूर्व हत्या मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की तथा यह भी बताया कि आगामी अपराध के लिए हथियार बिहटा क्षेत्र में छिपाए गए हैं।

पुलिस टीम जब बरामदगी के लिए बताए गए स्थान पर पहुंची, तभी अपराधियों ने छिपाए गए हथियार से पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें अवधेश उर्फ विदेशिया और पप्पू राय के पैर में गोली लग गई, जबकि तीसरे आरोपी दीपक कुमार ने मौके पर आत्मसमर्पण कर दिया।

घायल दोनों अपराधियों को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से हथियार भी बरामद किए गए हैं। पटना पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

Similar News