मौत का जाल बनी पूर्णिया की सड़कें, मक्का सुखाने से बढ़े हादसे

Update: 2026-05-27 04:41 GMT




पूर्णिया जिले की सड़कों पर किसानों द्वारा मक्का सुखाने की बढ़ती प्रवृत्ति अब सड़क हादसों का बड़ा कारण बनती जा रही है। जिले के विभिन्न मार्गों पर बड़ी संख्या में किसान सड़क पर अतिक्रमण कर मक्का सुखाते नजर आ रहे हैं, जिसके कारण आवागमन बाधित हो रहा है और लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार किसान सड़क के आधे से अधिक हिस्से पर मक्का फैलाकर सुखाने का कार्य करते हैं। इससे वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है और कई बार वाहन असंतुलित होकर दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। बताया जा रहा है कि मक्का के कारण लगभग प्रतिदिन सड़क हादसे हो रहे हैं, जिनमें कई लोगों की जान भी जा चुकी है।

लोगों का कहना है कि किसानों की थोड़ी सी लापरवाही कई परिवारों के लिए भारी पड़ रही है। सड़क पर मक्का फैलाए जाने से खासकर रात के समय दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है। इसके बावजूद कई किसान इस गंभीर समस्या को नजरअंदाज कर रहे हैं।

मामले को लेकर प्रशासन ने भी संज्ञान लिया है। पूर्णिया के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) ने स्वीकार किया कि सड़क पर मक्का सुखाने से दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोगों की मौत तक हो रही है। उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे सड़कों पर मक्का न सुखाएं और वैकल्पिक स्थानों का उपयोग करें।

एसडीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इसके बावजूद लोग नहीं मानते हैं, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन द्वारा जल्द ही अभियान चलाकर सड़क पर अतिक्रमण कर मक्का सुखाने वालों पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

Similar News