गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद वांछित स्नैचर आमिर अली उर्फ अमन को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-1 वसुंधरा टी-पॉइंट पर पुलिस संदिग्ध वाहनों और लोगों की चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान हिंडन की तरफ से बाइक पर आ रहा एक संदिग्ध पुलिस को देखकर बाइक मोड़कर भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो आरोपी ने खुद को घिरा देखकर टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया।

आरोपी की पहचान 24 वर्षीय आमिर अली उर्फ अमन, निवासी चिल्ला गांव, मयूर विहार फेस-1, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की स्प्लेंडर बाइक, 315 बोर का तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। साथ ही पीली धातु का टुकड़ा भी मिला है। पूछताछ में आरोपी ने साथी सुहैल के साथ दिल्ली-एनसीआर और गाजियाबाद में स्नैचिंग और बाइक चोरी की वारदातों की बात कबूल की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पर करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।