कुलपति प्रो. अजय तनेजा का अकैडमिक बिल्डिंग में औचक निरीक्षण, 75% उपस्थिति अनिवार्य—नियमों के पालन के निर्देश

Update: 2026-02-19 12:19 GMT



ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ के कुलपति प्रोफेसर अजय तनेजा ने आज विश्वविद्यालय की अकैडमिक बिल्डिंग का औचक निरीक्षण कर कक्षाओं की शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकांश कक्षाएँ नियमित रूप से संचालित पाई गईं, जिस पर कुलपति ने संतोष व्यक्त किया। वहीं कुछ कक्षाओं में शिक्षकों की अनुपस्थिति पाए जाने पर संबंधित विभागों के विभागाध्यक्षों से कारण स्पष्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने कक्षाओं में उपस्थित छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि शासन द्वारा 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य कर दी गई है, इसलिए सभी छात्र-छात्राएँ अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जिन विद्यार्थियों की उपस्थिति 75 प्रतिशत से कम होगी, उन्हें परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

कुलपति ने विश्वविद्यालय के सभी विभागाध्यक्षों और शिक्षकों को निर्देशित किया कि शैक्षणिक अनुशासन और नियमित कक्षा संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल सके। विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी विद्यार्थियों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करते हुए नियमित अध्ययन में भाग लें और अपने शैक्षणिक भविष्य को सुदृढ़ बनाएं।

Similar News