लखनऊ। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर 31 अक्टूबर 2026 को ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. अजय तनेजा के संरक्षण में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी सौहार्द का संदेश देने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री विकास की गरिमामयी उपस्थिति में समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने की शपथ ली। इसके उपरांत ‘रन फॉर यूनिटी’ के तहत शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक दौड़ में प्रतिभाग किया और देश की एकता एवं अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने अपने संदेश में कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने अपनी दूरदर्शिता, दृढ़ इच्छाशक्ति और नेतृत्व क्षमता से देश की विभिन्न रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। आज उनके विचार और आदर्श पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हैं। राष्ट्रीय एकता केवल एक विचार नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। युवाओं को जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रहित, आपसी सद्भाव और सामाजिक समरसता को सर्वोपरि रखना चाहिए।

कार्यक्रम के माध्यम से समाज को एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया। साथ ही विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन राजनीति विज्ञान विभाग के सहायक आचार्य श्री विपिन सिंह द्वारा किया गया। इसमें विश्वविद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सहभागिता रही।