सरकार केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में कांस्टेबलों की भर्ती के लिए 13 क्षेत्रीय भाषाओं में परीक्षा आयोजित करेगी
गृह मंत्रालय अब केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) में कांस्टेबलों की भर्ती के लिए कांस्टेबल (सामान्य ड्यूटी) परीक्षा हिंदी और अंग्रेजी के अलावा 13 क्षेत्रीय भाषाओं में आयोजित करेगा। मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति में कहा कि इस साल 20 फरवरी से 7 मार्च तक देश भर के 128 शहरों में लगभग 48 लाख उम्मीदवारों के लिए परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस निर्णय का उद्देश्य केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में स्थानीय युवाओं की भागीदारी बढ़ाना और क्षेत्रीय भाषाओं को बढ़ावा देना है।
मंत्रालय ने आगे कहा, इस पहल से देश भर के युवाओं को अपनी मातृभाषा में सीएपीएफ कांस्टेबल (सामान्य ड्यूटी) परीक्षा में भाग लेने और राष्ट्र की सेवा में अपना करियर बनाने का अवसर मिलेगा। इस दायरे में शामिल भाषाओं में हिंदी और अंग्रेजी के अलावा असमिया, बंगाली, गुजराती, मराठी, मलयालम, कन्नड़, तमिल, तेलुगु, उड़िया, उर्दू, पंजाबी, मणिपुरी और कोंकणी शामिल हैं।