ओडिशा: राष्ट्रपति 5 जिलों में विभिन्न कार्यक्रमों में लेंगी हिस्सा

Update: 2026-02-03 05:22 GMT




राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ओडिशा और छत्तीसगढ़ के छह दिवसीय दौरे पर हैं। सोमवार को वह ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर पहुंचीं, जहां राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति और मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने उनका स्वागत किया।

अपने दौरे के दौरान राष्ट्रपति ओडिशा के पुरी, खोर्धा, बालासोर, जाजपुर और मयूरभंज जिलों में विभिन्न सरकारी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी। वह जाजपुर जिले में अधिष्ठात्री देवी मां बिरजा के मंदिर में दर्शन करेंगी और इसके बाद बालासोर में फकीर मोहन विश्वविद्यालय के 12वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।

चार फरवरी को राष्ट्रपति पुरी में भगवान जगन्नाथ के दर्शन करेंगी। इसके बाद वह मयूरभंज जिले के रायरंगपुर पहुंचकर अपने गृह क्षेत्र के लोगों से संवाद करेंगी। इस दौरान राष्ट्रपति कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगी।

ओडिशा दौरे के अंतिम दिन, छह फरवरी को राष्ट्रपति सिमिलिपाल क्षेत्र की आदिवासी महिलाओं और युवाओं से संवाद करेंगी। इसके बाद सात फरवरी को वह छत्तीसगढ़ के जगदलपुर पहुंचेंगी, जहां वह ‘बस्तर पंडुम 2026’ महोत्सव का उद्घाटन करेंगी।

Similar News