नरेन्द्र मोदी देश की समृद्धि और विकास हेतु अवसंरचना निर्माण के लिए प्रतिबद्ध: शेखावत
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि पिछले 10 वर्षों के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की बुनियादी ढांचा, सड़क, रेल, अंतरिक्ष और ऊर्जा सहित हर क्षेत्र में अभूतपूर्व बदलाव हुए हैं जो देश को “विकसित भारत” बनने की यात्रा की साक्षी हैं। गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश की तस्वीर बदलने और विकसित भारत बनाने के लिए प्रतिबद्धित रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संकल्प लिया था कि देश की जनता ने देश चलाने के लिए नहीं, अपितु देश बदलने और बनाने के लिए एक सौभाग्यपूर्ण अवसर प्रदान किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह भी कहा था कि देश को बदलने का मार्ग गरीबों, ग्रामीणों, पीड़ितों, वंचितों और शोषितों के जीवन में परिवर्तन होने से होकर गुजरता है। उन्होंने ये भी स्पष्ट किया था कि देश की आधारभूत संरचनाओं और बुनियादी ढांचे का विकास कर भविष्य के भारत की नींव डाली जाएगी।