विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अपने सऊदी समकक्ष से मुलाकात की; पश्चिम एशिया की स्थिति और भारत-सऊदी अरब रणनीतिक साझेदारी पर चर्चा की
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने कल जर्मनी में म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन से इतर अपने सऊदी समकक्ष फैसल बिन फरहान से मुलाकात की। उन्होंने कनेक्टिविटी, पश्चिम एशिया की स्थिति और भारत-सऊदी अरब रणनीतिक साझेदारी पर चर्चा की।
उन्होंने नॉर्वे के विदेश मंत्री एस्पेन बार्थ ईडे से भी बातचीत की। डॉ. जयशंकर ने सुधारित बहुपक्षवाद और अधिक न्यायसंगत विश्व व्यवस्था की अनिवार्यता के बारे में बात की।
विदेश मंत्री ने जर्मन संघीय संसद के विपक्षी नेता फ्रेडरिक मर्ज़ और उनकी क्रिश्चियन डेमोक्रेटिक यूनियन सीडीयू विदेश नीति टीम के साथ भी बातचीत की। डॉ. जयशंकर ने गहरे भारत-जर्मनी और भारत-यूरोपीय संघ संबंधों के लिए उनके मजबूत समर्थन को मान्यता दी।
उन्होंने पूर्व अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ, जर्मन विदेश और सुरक्षा नीति सलाहकार जेन्स प्लॉटनर और अटलांटिक काउंसिल के सीईओ फ्रेड केम्पे से भी मुलाकात की।