राष्ट्रपति मुर्मू ने मॉरीशस के पोर्ट लुइस में सभा को संबोधित किया; कहा, भारत मॉरीशस के साथ मिलकर काम करना जारी रखेगा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा है कि भारत द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए मॉरीशस में कई नई विकासात्मक परियोजनाएं शुरू करने पर विचार कर रहा है। उन्होंने कहा, पिछले दशकों में भारत और मॉरीशस के रिश्ते मजबूत हुए हैं और कई गुना बढ़े हैं।
कल रात मॉरीशस के पोर्ट लुइस में औपचारिक भोज के दौरान सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि मॉरीशस लोकतंत्र, विविधता, बहुलता और विकास का एक चमकदार उदाहरण है। भारत और मॉरीशस की संयुक्त पहल की सराहना करते हुए राष्ट्रपति ने कहा, भारत एक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और भारत मॉरीशस के साथ मिलकर काम करना जारी रखेगा। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने मॉरीशस के विकास में गिरमिटिया मजदूरों के योगदान को भी याद किया.
समारोह के दौरान बोलते हुए, मॉरीशस के प्रधान मंत्री प्रविंद कुमार जुगनौथ ने भारत और मॉरीशस के बीच घनिष्ठ संबंधों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, भारत और मॉरीशस के बीच संबंध मजबूत हुए जिससे मॉरीशस के लोगों को फायदा हुआ। उन्होंने कहा, भारत और मॉरीशस का सहयोग नए क्षेत्रों तक विस्तारित हुआ है।
इससे पहले कल राष्ट्रपति मुर्मू मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए मॉरीशस पहुंचे थे। उन्होंने प्रेसिडेंशियल स्टेट हाउस में अपने मॉरीशस समकक्ष पृथ्वीराजसिंह रूपन के साथ बैठक की। बैठक के दौरान, दोनों नेताओं ने क्षमता निर्माण, विज्ञान और प्रौद्योगिकी और विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं में सहयोग के माध्यम से बहुआयामी द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।
अपनी यात्रा के दूसरे दिन के दौरान, राष्ट्रपति मॉरीशस विश्वविद्यालय में मॉरीशस के युवाओं, भारतीय प्रवासियों के सदस्यों और महात्मा गांधी संस्थान में भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगी। वह एबेने मेट्रो स्टेशन से मेट्रो की सवारी भी करेंगी। बाद में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी.