भारत-अमरीका व्यापार समझौते बारे में जल्द ही पूरी जानकारी देगी सरकार: केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा

Update: 2026-02-03 08:41 GMT



राज्यसभा में सदन के नेता और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने भारत-अमरीका व्यापार शुल्क के विवरण की मांग को लेकर कांग्रेस सहित विपक्ष की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि सरकार इस समझौते के बारे में जल्द ही पूरी जानकारी देगी। सदन में संक्षिप्त हस्तक्षेप करते हुए श्री नड्डा ने कहा कि संबंधित मंत्री समझौते से संबंधित सभी विवरण प्रस्‍तुत करेंगे और सरकार इस मुद्दे पर जल्द ही स्वतः संज्ञान लेते हुए बयान जारी करेगी। सदन में विपक्ष के हंगामे के बाद श्री नड्डा ने ये टिप्पणियां कीं।

विपक्ष ने मोदी सरकार से संसद को विश्वास में लेने और यूरोपीय संघ तथा अमरीका के साथ व्यापार समझौतों के मसौदे को दोनों सदनों के समक्ष रखने की मांग की थी। उनकी मांग पर श्री नड्डा ने कहा कि सरकार सदन में भारत और अमरीका के बीच व्यापार समझौते पर विस्तृत चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि सरकार समझौते से संबंधित विपक्ष के सभी सवालों का जवाब देने के लिए भी तैयार है।

श्री नड्डा ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ मित्रता दर्शाने वाली अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की पोस्ट का भी जिक्र किया। उन्‍होंने कहा कि जिस तरह से कांग्रेस और उनके गठबंधन सदन में इस मुद्दे को उठा रहे हैं, वह उनकी हताशा को दर्शाता है और ऐसा आचरण लोकतंत्र के लिए खतरनाक है।

Similar News