आईपीएल क्रिकेट में कल पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 54 रन से करारी शिकस्त दी। इस जीत में प्रियांश आर्य और कूपर कॉनली के शानदार 93 और 87 रन का योगदान रहा। पंजाब किंग्स अब तक अपराजित रहकर अंक तालिका में शीर्ष पर है। वही, लखनऊ सुपर जायंट्स तालिका में आठवें स्थान पर है।
लखनऊ सुपर जायंट्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। पंजाब ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 254 रन बनाए। जवाब में, लखनऊ सुपर जायंट्स 5 विकेट पर 200 रन ही बना सका। पंजाब किंग्स के लिए मार्को जानसेन ने दो विकेट तथा अर्शदीप सिंह, विजयकुमार वैशाक और यजुवेंद्र चहल ने एक-एक विकेट लिया। प्रियांश आर्य को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मैच में, ईडन गार्डन्स में मेजबान कोलकाता नाइट राइडर्स ने राजस्थान रॉयल्स को चार विकेट से हराकर अपनी पहली जीत दर्ज की। 156 रन के लक्ष्य के जवाब में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 19 ओवर और चार गेंदों में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। रिंकू सिंह ने नाबाद 53 रन बनाये। आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटन्स का मुकाबला मुंबई इंडियंस से होगा। मैच शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा।