इंडोनेशिया ओपन से हटी सात्विक-चिराग की जोड़ी, कंधे में लगी चोट

Update: 2026-06-03 14:23 GMT



सात्विक साईराज और चिराग शेट्टी की पुरुष युगल जोड़ी इंडोनेशिया ओपन के पहले दौर के मुकाबले से हट गई है। मैच के दौरान सात्विक के कंधे में चोट लगने के कारण भारतीय जोड़ी ने हटने का फैसला किया। भारतीय जोड़ी जब केंग खाइ शिंग और आरोन टाइ की मलेशियाई जोड़ी के खिलाफ 6-11 से पीछे थी तब सात्विक को अपने दाएं कंधे की ओर इशारा करते देखा गया और इसके बाद इस सुपर 1000 टूर्नामेंट के पहले दौर के मुकाबले को रोक दिया गया।

पिछले हफ्ते भारतीय जोड़ी ने सिंगापुर ओपन जीतकर दो साल में अपना पहला खिताब जीता था। विश्व बैडमिंटन में सबसे तेज स्मैश लगाने वाले खिलाड़ियों में से एक 25 साल के सात्विक पहले भी दाएं कंधे की चोट से परेशान रहे हैं। यह जोड़ी सात्विक की चोट के कारण इस साल की शुरुआत में भी बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप और स्विस ओपन से हट गई थी।

Similar News