त्रिपुरा में नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। अगरतला नगर निगम सहित राज्य की 15 अन्य नगरपालिकाओं और शहरी स्थानीय निकायों में शाम 4 बजे तक वोट डाले जाएंगे। राज्यभर में 268 सीटों के लिए कुल 704 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

अगरतला में निष्पक्ष, स्वतंत्र और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। इसके लिए त्रिपुरा पुलिस, टीएसआर और केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। वहीं, खोवाई जिले के 26 वार्डों में मतदान कराने के लिए 298 चुनाव कर्मियों और 307 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। यहां सात आदर्श मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनका संचालन पूरी तरह महिला कर्मचारी करेंगी।

सिपाहीजाला जिले के सोनामुरा, मेलाघर, बिशालगढ़ और बिश्रामगंज में 45 हजार 616 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इसके अलावा, उनाकोटी जिले के कैलाशहर और कुमारघाट में भी चुनाव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खास बात यह है कि दोनों नगर परिषदों में पुरुषों के मुकाबले महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है।