गर्भवती महिलाओं को जागरुक करने के लिए ‘‘गर्भ की पाठशाला’’ यूट्यूब चैनल की शुरुआत

Update: 2026-02-19 13:53 GMT



 हनुमानगढ़, 19 फरवरी। जिले में मातृ-शिशु स्वास्थ्य को मजबूत करने और गर्भवती महिलाओं को जागरुक करने के लिए चिकित्सा विभाग ने ‘‘गर्भ की पाठशाला’’ नाम से यूट्यूब चैनल शुरू किया है। निरामय राजस्थान के विजन को साकार करने की दिशा में यह पहल की गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि एनएचएम की अतिरिक्त मिशन निदेशक डॉ. टी. शुभमंगला के मार्गदर्शन में शुरू हुए इस चैनल पर जटिल मेडिकल शब्दों को सरल हिंदी में समझाया गया है।

इस पहल के तहत आशा सहयोगिनियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से घर-घर तक जानकारी पहुँचाई जा रही है। चैनल पर फिल्मों और डायग्राम के जरिए एनीमिया प्रबंधन, पोषण, सुरक्षित गर्भपात, सिजेरियन के बाद सामान्य प्रसव और नवजात की देखभाल जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी उपलब्ध है। इसके अलावा कंगारू मदर केयर और परिवार नियोजन के उपायों पर भी प्रकाश डाला गया है। डीपीसी मनीष शर्मा ने आमजन से अपील की है कि स्वस्थ मां और सशक्त शिशु के संकल्प को पूरा करने के लिए इस 'डिजिटल पाठशाला' का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

Similar News