उद्योग, रोजगार, कृषि, दुग्ध उत्पादन, पर्यटन और विरासत के संरक्षण में सबसे आगे मध्यप्रदेश : मुख्यमंत्री डॉ.यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश उद्योग, रोजगार, कृषि, दुग्ध उत्पादन, पर्यटन और विरासत के संरक्षण में सभी प्रदेशों से आगे हैं। आने वाले समय में इन उपलब्धियों का विस्तार होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के तीन दिवसीय समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंगलदीप प्रज्ज्वलित कर राज्योत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर स्वस्ति वाचन हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समस्त प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की बधाई दी और कलाकारों का स्वागत भी किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक चेतना विराट है। हम सभी इसे नमन करते हैं। प्रदेशवासी सौभाग्यशाली हैं। मध्यप्रदेश का गठन किसी एक व्यक्ति के विचार या काल खंड की देन नहीं हैं। यह हमारे प्रदेश की परिश्रमी संस्कृति और संस्कारवान जनमानस का प्रतिफल है। मध्यप्रदेशवासियों की समर्पण भावना सराहनीय है।