मुख्य सचिव ने प्रदेश में गर्मी के मौसम में सुचारू पेयजल व्यवस्था बनाए रखने के दिए निर्देश

Update: 2026-03-07 05:57 GMT



 जयपुर, 7 मार्च। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने प्रदेश में गर्मी के मौसम में सुचारू पेयजल व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिये हैं। मुख्य सचिव ने शुक्रवार को वीसी के माध्यम से जिला कलेक्टरों के साथ नियमित पेयजल आपूर्ति की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। इस दौरान मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि हेल्पलाइन नम्बर 181 पर प्राप्त शिकायतों का समय पर निस्तारण किया जाए और पानी के अवैध कनेक्शनों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाए।

उन्होंने जिला कलेक्टरों और संबंधित अधिकारियों को फील्ड विजिट के माध्यम से पानी की आपूर्ति व्यवस्था की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिये। इधर, जयपुर जिला कलेक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों के साथ समर कंटिन्जेन्सी प्लान की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने गर्मी के मौसम में संभावित जल संकट की स्थिति को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिये। जिला कलेक्टर ने कहा कि आम लोगों को पीने के पानी को लेकर किसी तरह की समस्या नहीं हो, इसके लिए प्रभावी क्षेत्रों में जरूरत पड़ने पर टैंकरों से जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

Similar News