उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए सियासत में  गर्मी भी बढ़ती नजर आ रही है। इस बीच सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महाभारत काल में एक चीरहरण के बाद कौरवों का नाश हो गया था।

बीजेपी सरकार में तीन-तीन चीरहरण हुए अब इनका भी नाश पक्का है। उन्होंने वादा किया कि उनकी सरकार बनी तो चिकित्सा, शिक्षा और बिजली मुफ्त होगी।

आपको बता दें कि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा दिए गए इस तरह के बयान का भागीदारी संकल्प मोर्चे ने जमकर स्वागत किया। ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि प्रदेश में लोकतंत्र की हत्या हो रही है। महाभारत में एक चीरहरण हुआ था तो कौरवों का नाश हो गया था। उसी तरह भाजपा के शासन काल में तीन चीरहरण हुए हैं, भाजपा का सर्वनाश होना तय है।

इतना ही नहीं पूर्व मंत्री द्वारा कहा गया कि जब तक अटल जी थे तब तक भाजपा थी। अब भाजपा पर गुजरातियों का कब्जा हो गया है। भाजपा की वर्तमान सरकार में महंगाई चरम पर है। भाजपा का नारा था अच्छे दिन आएंगे लेकिन जब बुरा दिन था। उन्होंने बताया कि तब गैस सिलिंडर 400 था, अब अच्छे दिन आए तो 1000 हो गया। अरहर की दाल 50 थी, अच्छे दिन में 150 पार, पेट्रोल 60 था, अब 100 पार है। वहीं डीजल 55 था अच्छे दिन आने पर सौ पार कर गया है।

बता दें कि इस दौरान ओमप्रकाश राजभर भारतीय जनता पार्टी पर जमकर बरसे। उन्होंने भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा कि 2022 में आने वाली सरकार समाजवादी पार्टी की होगी। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव के पहले ही अपनी बातों को रखते हुए कहा कि सरकार बनते ही घरेलू बिजली बिल पांच वर्ष तक के लिए माफ कर दी जाएगी। गरीबों का इलाज पांच वर्षों तक निःशुल्क होगा। प्रारंभिक से लेकर स्नातकोत्तर तक शिक्षा फ्री होगी। सामाजिक न्याय समिति की रिपोर्ट को लागू किया जाएगा।

नेहा शाह