राष्ट्रीय पोषण सप्ताह-2025 के अंतर्गत ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में 'नो फ्लेम कुकिंग' प्रतियोगिता का आयोजन
ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ के गृह विज्ञान विभाग द्वारा प्रतिवर्ष 1 से 7 सितम्बर तक राष्ट्रीय पोषण सप्ताह मनाया जाता है। इसी क्रम में आज दिनांक 1 सितम्बर 2025 को विभाग में ‘नो फ्लेम कुकिंग’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह सप्ताह माननीय कुलपति प्रो. अजय तनेजा के संरक्षण तथा विज्ञान संकायाध्यक्ष एवं गृह विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. तत्हीर फात्मा के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है।
प्रतियोगिता का पर्यवेक्षण डॉ. कल्पना देवी एवं डॉ. कीर्तिमा सचान (अस्थायी सहायक प्रोफेसर, गृह विज्ञान विभाग) ने किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने बिना आंच का प्रयोग किए विविध प्रकार के स्वादिष्ट एवं पौष्टिक व्यंजन तैयार किए। इनमें ब्रेड क्रीम रोल, वेजिटेबल बाइट्स, सलाद और चना, पनीर टिक्का, सैंडविच, शेक, फूली हुई ब्रेड, पॉपकॉर्न चाट, भेल मिक्स चाट, रसमलाई और लस्सी, चीज़ केक, भेलपुरी, ओरियो स्विस रोल, लेज़ भेल, खीरे का शरबत, केले का शेक, चना चाट, कोल्ड कॉफी, मोजिटो, ब्रेड-जैम सैंडविच, दही बोले और पान लड्डू जैसी अनेक आकर्षक रचनाएँ शामिल थीं।
निर्णायक मंडल में प्रो. शालिनी त्रिपाठी (फार्मेसी संकाय), डॉ. रुचिता सुजाय चौधरी (विषय प्रभारी, पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग) तथा डॉ. तनवीर ख़दीजा (विभागाध्यक्ष, अंग्रेजी विभाग) सम्मिलित रहीं। प्रतिभागियों के व्यंजनों का मूल्यांकन रचनात्मकता एवं नवीनता, स्वाद एवं बनावट, पोषण मूल्य तथा स्वच्छता के आधार पर किया गया।
‘नो फ्लेम कुकिंग’ प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार फातिमा ओबैद (बी.एससी प्रथम वर्ष, बायोटेक्नोलॉजी) को प्रदान किया गया। द्वितीय पुरस्कार निशात फातिमा (बी.ए पंचम सेमेस्टर, गृह विज्ञान) एवं नाज़िया फातिमा (बी.ए तृतीय सेमेस्टर, समाजशास्त्र) को संयुक्त रूप से मिला। वहीं तृतीय पुरस्कार राधा वर्मा (बी.ए प्रथम सेमेस्टर, भूगोल) और गुड़िया (बी.ए प्रथम सेमेस्टर, गृह विज्ञान) ने प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में शिक्षकगण की गरिमामयी उपस्थिति ने इस अवसर की शोभा को और अधिक बढ़ाया।