सीएसजेएमयू में अंतर्राष्ट्रीय कांफ्रेंस में जीवन विज्ञान के नवीन शोधों पर होगी चर्चा

Update: 2026-03-09 13:48 GMT



कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ लाइफ साइंसेज एंड बायोटेक्नोलॉजी द्वारा 12–14 मार्च 2026 को इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन एडवांसेस इन लाइफ साइंसेज (ICALS-2026) का आयोजन किया जा रहा है। इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भारत सहित विभिन्न देशों से 150 से अधिक वैज्ञानिक, शोधार्थी, शिक्षक और विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। सम्मेलन का उद्देश्य जीवन विज्ञान के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे नवीनतम शोध, तकनीकी प्रगति और नवाचारों पर वैश्विक स्तर पर विचार-विमर्श के लिए एक साझा मंच उपलब्ध कराना है।

सम्मेलन के मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. अजीत कुमार शासनी, निदेशक, वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद – राष्ट्रीय वनस्पति अनुसंधान संस्थान, लखनऊ उपस्थित रहेंगे। वे अपने उद्बोधन में जीवन विज्ञान एवं वनस्पति विज्ञान के क्षेत्र में हो रहे नवीनतम अनुसंधानों तथा उनके वैज्ञानिक एवं सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालेंगे।

सम्मेलन की अध्यक्षता प्रो. वर्षा गुप्ता कर रही हैं तथा को-कॉन्फ्रेंस चेयर के रूप में डॉ. अनुराधा कलानी आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। सम्मेलन के संयोजक डॉ. राकेश कुमार शर्मा, डॉ. प्रमोद कुमार यादव एवं डॉ. एकता खरे हैं। सम्मेलन में देश-विदेश के प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों द्वारा व्याख्यान दिए जाएंगे। विशेष रूप से मुख्य वक्ता (Keynote Talk) के रूप में डॉ. मिन सु, मिसौरी विश्वविद्यालय, अमेरिका अपना व्याख्यान प्रस्तुत करेंगी, जबकि आमंत्रित व्याख्यान के रूप में प्रो. विक्टर वित्वित्स्की, रूसी विज्ञान अकादमी, मॉस्को, रूस संबोधित करेंगे। इसके अतिरिक्त विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों के वैज्ञानिक भी सम्मेलन में भाग ले रहे हैं, जिनमें केंद्रीय औषधि अनुसंधान संस्थान (लखनऊ), भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान गुवाहाटी, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (नई दिल्ली), भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के संस्थान, भारतीय दलहन अनुसंधान संस्थान (कानपुर), ट्रांसलेशनल हेल्थ साइंस एंड टेक्नोलॉजी संस्थान, लखनऊ विश्वविद्यालय सहित अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों और अनुसंधान संस्थानों के विशेषज्ञ शामिल हैं।

सम्मेलन के दौरान बायोमेडिकल साइंसेज, कैंसर बायोलॉजी, प्लांट साइंसेज, संरचना एवं एंजाइमोलॉजी तथा नवीकरणीय ऊर्जा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे। साथ ही शोधार्थियों के लिए मौखिक प्रस्तुति और पोस्टर प्रस्तुति के माध्यम से अपने शोध कार्य प्रस्तुत करने का अवसर भी उपलब्ध होगा तथा उत्कृष्ट प्रस्तुतियों को पुरस्कृत किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन जीवन विज्ञान के क्षेत्र में वैश्विक शोध सहयोग को बढ़ावा देने, वैज्ञानिक नवाचार को प्रोत्साहित करने तथा युवा वैज्ञानिकों को प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Similar News