13 फरवरी से शुरू होगा एग्रीफेस्ट 2026 – "फागुन की फुलवारी" का दो दिवसीय आयोजन

Update: 2026-02-11 13:53 GMT


कानपुर । छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ़ एडवांस्ड एग्रीकल्चर साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी द्वारा 13 एवं 14 फरवरी 2026 को विश्वविद्यालय के सीनेट लॉन परिसर में “एग्रीफेस्ट 2026 – फागुन की फुलवारी” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। “माटी से उत्सव तक – Culture, Creativity, Games” थीम पर आधारित यह दो दिवसीय महोत्सव भारतीय ग्रामीण परंपराओं, कृषि नवाचारों, सांस्कृतिक अभिव्यक्ति एवं युवाओं की सृजनात्मक ऊर्जा का सशक्त मंच बनेगा। यह आयोजन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में संपन्न होगा। एग्रीफेस्ट 2026 का उद्देश्य भारतीय ग्रामीण जीवन की आत्मा को आधुनिक कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जोड़ना है। महोत्सव में पारंपरिक खेलों जैसे रस्साकशी, गिल्ली-डंडा, गोली-कंचा सहित अन्य लोकखेलों का आयोजन किया जाएगा, जो युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का कार्य करेंगे।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत लोकनृत्य, समूह गायन, नाट्य प्रस्तुतियाँ तथा “फागुनिया थाप” के माध्यम से लोकवेशभूषा एवं पारंपरिक लोकवाद्य यंत्रों की सजीव प्रस्तुति दी जाएगी। इसके साथ ही “चौपाल चबूतरा” पर संवाद, कविता-पाठ, लोकगाथाओं एवं विचार-विमर्श के सत्र आयोजित होंगे, जो ग्रामीण संवाद संस्कृति को पुनर्जीवित करेंगे। “बतरस” कार्यक्रम के अंतर्गत गीत-रेखा, हास्य-व्यंग्य एवं लोकसंवाद की प्रस्तुतियाँ भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

महोत्सव के अंतर्गत “ग्राम दर्पण” प्रदर्शनी में हाइड्रोपोनिक्स जैसी उन्नत कृषि तकनीकों, कृषि आधारित स्टार्टअप मॉडल, पर्यावरण संरक्षण पहलों तथा गंगा संरक्षण परियोजनाओं का प्रदर्शन किया जाएगा। स्कूल ऑफ़ एडवांस्ड एग्रीकल्चर साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी के निदेशक डॉ हिमांशु त्रिवेदी ने बताया कि यह प्रदर्शनी विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं किसानों के लिए नवाचारों को समझने और अपनाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी। इसके अतिरिक्त महोत्सव परिसर में “हाट – जायका जंक्शन” का आयोजन किया जाएगा, जहाँ स्थानीय हस्तशिल्प, ग्रामीण उत्पादों एवं पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इससे स्थानीय कारीगरों एवं उद्यमियों को प्रोत्साहन मिलने के साथ-साथ आगंतुकों को ग्रामीण संस्कृति के विविध रंगों का अनुभव प्राप्त होगा।

Similar News