61वें स्थापना दिवस पर योग शिविर का शुभारंभ, योग के चिकित्सीय महत्व पर जोर
कानपुर, 11 फरवरी। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के 61वें स्थापना दिवस समारोह के अंतर्गत बुधवार को योग कैंप का शुभारंभ नगर की वरिष्ठ आयुर्वेदाचार्य डॉ. वंदना पाठक ने दीप प्रज्वलन कर किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों की उपस्थिति रही।
इस अवसर पर डॉ. वंदना पाठक ने योग के चिकित्सीय पक्ष पर विशेष बल देते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि एक प्रभावी वैकल्पिक चिकित्सा पद्धति भी है। उन्होंने कहा कि योग के विद्यार्थी पाठ्यक्रम पूर्ण करने के बाद अपने योग सेंटर एवं योग क्लीनिक स्थापित कर सकते हैं। साथ ही आयुर्वेदिक एवं अन्य चिकित्सा पद्धतियों के चिकित्सकों के साथ समन्वय स्थापित कर जनसामान्य को योग आधारित उपचार सेवाएं उपलब्ध करा सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि योग को दैनिक जीवन की दिनचर्या का अनिवार्य हिस्सा बनाना चाहिए।
ज्ञात हो कि विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक की प्रेरणा से 61वां स्थापना दिवस समारोह विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में योग कैंप का आयोजन किया गया।
योग कैंप के समन्वयक डॉ. रामकिशोर ने बताया कि कुलपति के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय के कैंपस स्कूल में जनसामान्य के लिए योग ओपीडी भी संचालित की जा रही है। इस ओपीडी के माध्यम से आम नागरिकों को नियमित रूप से योग परामर्श और अभ्यास की सुविधा मिल रही है।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में संचालित एम.ए.-योग, एम.एससी.-योग एवं बी.एससी.-योग के छात्र-छात्राएं इस ओपीडी के माध्यम से योग के व्यावहारिक और चिकित्सीय पक्ष में दक्षता प्राप्त कर रहे हैं, जिससे उन्हें भविष्य में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी प्राप्त हो रहे हैं।
कार्यक्रम में शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. श्रवण कुमार यादव, योग प्रशिक्षिका सोनाली धनवानी सहित विभिन्न विभागों के शिक्षकगण उपस्थित रहे।