जैन समाज द्वारा सीएसजेएमयू कुलपति प्रो विनय कुमार पाठक को किया गया सम्मानित

Update: 2025-09-29 13:24 GMT



छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक को शिक्षा जगत में उनके विशिष्ट योगदान के लिए जैन समाज द्वारा विशेष सम्मान प्रदान किया गया। प्रो पाठक के इस सम्मान पर विश्वविद्यालय के सभी शिक्षकों, कर्मचारियों, अधिकारियों एवं छात्र-छात्राओं ने प्रसन्नता जाहिर की है।

प्रो पाठक को यह सम्मान श्री दिगंबर जैन श्रमण संस्कृति संस्थान, सांगानेर (जयपुर) की ओर से सोमवार, 29 सितम्बर 2025 को अशोकनगर (मध्यप्रदेश) में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदान किया गया। सम्मान स्वरूप उन्हें “तीर्थ चक्रवर्ती निर्यापक श्रमण मुनिपुंगव श्री सुधासागर पुरस्कार” से अलंकृत किया गया। यह समारोह पूज्य मुनिपुंगव श्री सुधासागर जी महाराज के ससंघ सान्निध्य में संपन्न हुआ, जिसमें देशभर के शिक्षाविद्, संतगण और जैन समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे ।

प्रो. पाठक के नेतृत्व में सीएसजेएमयू ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। विश्वविद्यालय को NAAC द्वारा A++ ग्रेड और NIRF रैंकिंग प्राप्त हुई है, जो उनकी दूरदर्शिता और नवाचारशील नेतृत्व का प्रमाण है।

ज्ञात हो कि विश्वविद्यालय में आचार्य विद्यासागर सुधासागर जैन शोध पीठ की स्थापना की गई, जो जैन दर्शन और प्राकृत भाषा के संरक्षण एवं शोध में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। यह शोध पीठ जैन समाज की आध्यात्मिक विरासत को शैक्षणिक मंच प्रदान करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। साथ ही पूर्व में कोटा मुक्त विश्वविद्यालय (राजस्थान) में कुलपति रहते हुए भी प्रो. पाठक ने शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और गुणवत्ता को प्राथमिकता दी थी। जैन समाज द्वारा यह सम्मान न केवल उनके शैक्षिक योगदान की सराहना है, बल्कि यह दर्शाता है कि भारतीय परंपरा, दर्शन और भाषा के संवर्धन में उनकी भूमिका कितनी महत्वपूर्ण रही है।

Similar News