पं. दीन दयाल उपाध्याय जी की पुण्यतिथि पर सीएसजेएमयू में राष्ट्रीय संगोष्ठी

Update: 2026-02-10 12:08 GMT

कानपुर। एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय के प्रणेता, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक पं. दीन दयाल उपाध्याय जी की 58वीं पुण्यतिथि के अवसर पर छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर में एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। संगोष्ठी का विषय “एकात्म मानववाद से राष्ट्रवाद का उद्भव” निर्धारित किया गया है।

यह राष्ट्रीय संगोष्ठी बुधवार, 11 फरवरी 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे से आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम का स्थल सेनानायक तात्या टोपे सीनेट हॉल, सीएसजेएमयू, कानपुर निर्धारित किया गया है। राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन दीन दयाल शोध केंद्र के तत्वावधान में किया जा रहा है। संगोष्ठी का उद्देश्य पं. दीन दयाल उपाध्याय जी के विचारों, विशेषकर एकात्म मानववाद की अवधारणा तथा राष्ट्रवाद के वैचारिक विकास पर सार्थक विमर्श करना है।

इस संगोष्ठी में इंडिया फाउंडेशन, नई दिल्ली के अध्यक्ष डॉ. राम माधव मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं संरक्षण विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक द्वारा किया जाएगा।

कार्यक्रम में श्री दिलीप कुमार दुबे, एडवोकेट, सुप्रीम कोर्ट; श्री भवानी भीख तिवारी, प्रांत संचालक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ तथा प्रो. सुधीर कुमार अवस्थी, प्रतिकुलपति, सीएसजेएमयू विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

विश्वविद्यालय प्रशासन एवं दीन दयाल शोध केंद्र की ओर से शिक्षाविदों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों से इस राष्ट्रीय संगोष्ठी में सहभागिता करने का सादर आमंत्रण किया गया है।

Similar News