योगाभ्यास के साथ सात दिवसीय शिविर का हुआ समापन

Update: 2026-02-16 12:24 GMT



कानपुर । छत्रपति साहू जी महाराज विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) अटल इकाई–1 द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का सोमवार को समापन हो गया ।

समापन दिवस की शुरुआत एनएसएस गीत के साथ हुई। इसके बाद स्वयंसेवकों के लिए लगभग डेढ़ घंटे का योगाभ्यास किया। योग के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, मानसिक संतुलन बनाए रखने तथा समाज सेवा के लिए स्वयं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाने का संदेश दिया गया। शिविर के दौरान विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण एवं मतदाता जागरूकता विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया ।

तिकनपुरवा स्थित कंपोजिट विद्यालय के कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप पेंसिल एवं क्रेयॉन्स वितरित किए गए।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका गायत्री देवी सैनी का सहयोग प्राप्त हुआ। मध्याह्न भोजन के बाद समापन सत्र आयोजित किया गया, जिसमें स्वयंसेवकों ने अपने अनुभव साझा किए। विद्यार्थियों ने बताया कि इस शिविर के माध्यम से उन्हें समाज सेवा, नेतृत्व क्षमता, टीम वर्क, अनुशासन तथा ग्रामीण परिवेश की समस्याओं को समझने का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ।कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ममता तिवारी ने अपने संबोधन में एनएसएस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिविर में सीखी गई सीख को जीवन में उतारना ही इसकी वास्तविक सार्थकता है। उन्होंने स्वयंसेवकों को प्रेरित किया कि वे सेवा की भावना को निरंतर आगे बढ़ाएं और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते रहे।

Similar News