भाषा विश्वविद्यालय के गृह विज्ञान विभाग द्वारा “देसी सुपरफूड उत्सव” का आयोजन
ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ के गृह विज्ञान विभाग द्वारा दिनांक 17 फरवरी 2026 को “देसी सुपरफूड उत्सव” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में “मिलेट के रंग, स्वास्थ्य के संग” थीम पर सजी देसी सुपरफूड उत्सव की धूम रही, इस अवसर पर विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम विश्वविद्यालय के मा0 कुलपति प्रो. अजय तनेजा के संरक्षण तथा विभागाध्यक्ष डॉ. तत्हीर फात्मा के निर्देशन में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को मोटे अनाज (मिलेट) के पोषण तथा महत्व से अवगत कराना रहा, जिन्हें अब “श्री अन्न” के नाम से भी प्रोत्साहित किया जा रहा है जिससे वे अपनी स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक हो सके।
कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय कुलपति प्रो. अजय तनेजा द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। विभागाध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि मिलेट्स जैसे बाजरा, ज्वार और रागी न केवल पौष्टिक हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी सहायक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने दैनिक आहार में मिलेट्स को शामिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि ये पौष्टिक और ग्लूटेन-मुक्त सूक्ष्म अनाज हैं जो फाइबर, प्रोटीन, कैल्शियम और खनिजों से भरपूर होते हैं। उत्सव के अंतर्गत विश्वविद्यालय के सभी विद्यार्थियों के लिए “मिलेट प्रतियोगिता” आयोजित की गई। प्रतियोगिता में छात्र एवं छात्राओं ने मिलेट्स से विभिन्न प्रकार के नवाचारी एवं स्वास्थ्यवर्धक व्यंजन तैयार किए। इस कार्यक्रम का सफल आयोजन डॉ0 कल्पना देवी, डॉ0 कीर्तिमा सचान एवं डॉ0 अंजलि सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम स्थल पर मिलेट व्यंजनों की आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
निर्णायक मंडल ने व्यंजनों की प्रस्तुति, स्वाद, पोषण मूल्य एवं रचनात्मकता के आधार पर मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं की उल्लेखनीय सहभागिता रही।अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनके प्रयासों की सराहना भी की गई। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।