इनोवेशन हब, डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU), लखनऊ द्वारा आयोजित फैकल्टी अपडेशन प्रोग्राम “Cryptography Beyond the Cipher” विषय पर सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. राजश्री पाण्डेय ने आमंत्रित व्याख्यान दिया।
अपने व्याख्यान में प्रो. राजश्री ने साइबर सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं, विशेषकर ऑफेंसिव सिक्योरिटी एवं डिफेंसिव सिक्योरिटी पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने साइबर हमलों की कार्यप्रणाली, सुरक्षा कमजोरियों की पहचान, नेटवर्क सुरक्षा एवं डिजिटल प्रणालियों को सुरक्षित रखने के व्यावहारिक दृष्टिकोण से प्रतिभागियों को अवगत कराया।
उन्होंने ट्रायहैकमी (tryhackme) प्लेटफॉर्म तथा एनमैप (Nmap) और Kali Linux जैसे साइबर सुरक्षा टूल्स के माध्यम से साइबर सुरक्षा के व्यावहारिक अनुप्रयोगों एवं तकनीकों की जानकारी साझा की। व्याख्यान में साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में आधुनिक टूल्स, तकनीकी दक्षता एवं जागरूकता के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. महिप सिंह द्वारा प्रो. राजश्री को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समन्वयक श्री गौरव मिश्रा रहे। इस आमंत्रित व्याख्यान के माध्यम से प्रतिभागियों को क्रिप्टोग्राफी, साइबर सुरक्षा और आधुनिक डिजिटल सुरक्षा तकनीकों के क्षेत्र में नवीन ज्ञान एवं व्यावहारिक समझ प्राप्त हुई।