लखनऊ(ब्यूरो)। राजा राकेश प्रताप सिंह (शिवगढ़) को प्रतिष्ठित ब्रिटिश इंडिया एसोसिएशन (बीआईए) का निर्विरोध उपाध्यक्ष चुना गया है। इससे पूर्व इस पद पर राजा तिलोई एवं भाजपा के विधायक मयंकेश्वर शरण सिंह निर्वाचित हुए थे। जिनका 5 साल का कार्यकाल पूरा हो चुका है। श्री सिंह के कार्यकाल पूरा होने के बाद इस पद के निर्वाचन प्रक्रिया गुरूवार को संपन्न हुई। सफेद बारादरी कैसरबाग में नामांकन प्रक्रिया में इस पद के लिए श्री सिंह के अलावा और किसी ने भी नामांकन नहीं दाखिल किया। निर्वाचन अधिकारी और बीआईए के अध्यक्ष राजा मनकापुर आनंद सिंह ने उनके निर्विरोध निर्वाचित होने की घोषणा की। चुनाव के दौरान सफेद बारादरी कैसरबाग स्थित बीआईए कार्यालय में अवध के ताल्लुकेदार्स जिनमें राजा बलरामपुर, राजा प्रतापगढ़, राजा निमदीपुर, राजा गौरा, नवाब शमशी भाई, राजा इटौंजा समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि 150 साल पुरानी यह संस्था आज भी जीवंत बनी हुई है और सामाजिक, राजनीति एवं प्रशासनिक क्षेत्र में इस संस्था से सम्बद्ध लोग अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
इनमें संस्था के सदस्य आज भी सामाजिक, राजनीतिक तथा प्रशासनिक क्षेत्र में वरिष्ठ पदों पर भी आसीन हैं। वर्तमान में इस संस्था के अध्यक्ष राजा आनंद सिंह मनकापुर पूर्व मंत्री व पूर्व सांसद, सचिव कुंवर मनीष वर्धन सिंह गौरा, कुंवर तारिक नकवी ज्वाइंट सेक्रेट्री, कुंवर संजय बली असिस्टेंट सेक्रेटरी हैं। राजधानी का प्रतिष्ठित काल्विन ताल्लुकेदार्स काॅलेज इसी संस्था द्वारा अविरल रूप से संचालित हो रहा है। इसके अलावा यह संस्था विभिन्न जनपदों में समाज की प्रगति के लिए प्रयासरत है और इसके द्वारा समय-समय पर विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किये जाते हैं।