मिर्जापुर में म.प्र. के सीएम मोहन यादव ने लिया संतों का आशीर्वाद, 2028 उज्जैन महाकुंभ को भव्य बनाने का किया ऐलान
मिर्जापुर के चुनार तहसील स्थित सक्तेशगढ़ आश्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव पहुंचे। उन्होंने आश्रम में स्वामी अड़गड़ानंद महाराज का आशीर्वाद लिया और करीब एक घंटे तक वहां समय बिताया। इस दौरान उन्होंने सत्संग हाल में संतों और श्रद्धालुओं को संबोधित किया। सीएम मोहन यादव ने कहा कि संतत्व से ही देवत्व की प्राप्ति संभव है और समाज को सही दिशा देने में संतों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने स्वामी अड़गड़ानंद महाराज के मार्गदर्शन को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
अपने संबोधन में उन्होंने सरकार की विभिन्न योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि शौचालय, आवास और सुकन्या जैसी योजनाओं से जनता का सरकार पर भरोसा बढ़ा है। साथ ही उन्होंने बताया कि वर्ष 2028 में उज्जैन महाकुंभ को भव्य रूप में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण से जुड़े स्थलों को पर्यटन के रूप में विकसित किया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और उत्साह का माहौल देखने को मिला।