उत्तर प्रदेश की योगी कैबिनेट ने विकास और जनकल्याण से जुड़े 23 अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में एक्सप्रेसवे, शिक्षा, रोजगार, किसान, स्वास्थ्य और औद्योगिक विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।

कैबिनेट ने चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण को मंजूरी दी है। करीब 15 किलोमीटर लंबे छह लेन के ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण पर 1,008 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे।

बैठक में प्रदेश के परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों को स्मार्ट स्कूल के रूप में विकसित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। वहीं, किसानों के लिए मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत लघु और सीमांत किसानों को 6 लाख रुपये तक का ऋण 6 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।

पूर्व अग्निवीरों को सरकारी नौकरियों में अवसर देने के लिए भी महत्वपूर्ण फैसला लिया गया है। इसके तहत उत्तर प्रदेश जेल वार्डन भर्ती में 20 प्रतिशत आरक्षण और प्रवर्तन सिपाही भर्ती में 20 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।

इसके अलावा औद्योगिक विकास, रोजगार, सुरक्षा और शहरी विकास से जुड़े कई अन्य प्रस्तावों पर भी कैबिनेट ने मुहर लगाई। इनमें अयोध्या में एनएसजी केंद्र के लिए भूमि आवंटन और लखनऊ-उन्नाव-रायबरेली क्षेत्र के विकास से जुड़े प्रस्ताव शामिल हैं।